ब्राह्मण समाज में उबाल: राजकुमार भाटी के बयान के विरोध में दादरी में निकली शव यात्रा, पुतला दहन
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

समाज के लोगों ने सर्व समाज से 15 मई को दादरी चलो का किया आह्वान
15 मई शाम 4 बजे भगवान परशुराम धर्मशाल ब्रह्मपुरी में होगी सर्व समाज की महापंचायत

दादरी, 13 मई 2026। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में बुधवार शाम को ब्राह्मण समाज का आक्रोश खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। दादरी जीटी रोड स्थित गौड़ धर्मशाला में बड़ी संख्या में समाज के बुजुर्ग, युवा और विभिन्न संगठनों के लोग एकत्र हुए, जहां विरोध सभा आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ ब्राह्मण नेता पंडित पीताम्बर शर्मा ने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल, जाति, समाज या धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन शब्दों और विचारों के खिलाफ है जो समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी द्वारा की गई टिप्पणी अत्यंत अशोभनीय है और ब्राह्मण समाज इसका कड़ा विरोध करता है।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि इसी विरोध को लेकर आगामी 15 मई को शाम 4 बजे भगवान परशुराम धर्मशाला, ब्रह्मपुरी में सर्वसमाज की एक महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी समाजों के लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान हजारों लोगों ने गौड़ धर्मशाला से दादरी मुख्य चौराहे तक राजकुमार भाटी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। इसके बाद मुख्य चौराहे पर पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान“ब्राह्मण एकता जिंदाबाद”और“राजकुमार भाटी मुर्दाबाद”के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस दौरान पुतला दहन के उपरांत समाज के प्रतिनिधिमंडल ने दादरी पुलिस को राजकुमार भाटी के खिलाफ तहरीर सौंपते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग भी की। समाज के लोगों ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य करती हैं और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद दादरी की चेयरमैन गीता पंडित, राजू पंडित, मांगेराम शर्मा, मास्टर परमानंद शर्मा, उमेश पंडित, सोनू भगत, सुधीर वत्स, हिमांशु प्रधान, अशोक पंडित, कालू पंडित, संजय शर्मा, लक्ष्मण, राहुल शर्मा, अरूण शर्मा, बंटी शर्मा, योगेश, रिंकू शर्मा, मन्नू, अनिल, प्रवीण शर्मा, बिजेन्द्र शर्मा, कृष्ण पंडित, बिजेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, ज्ञान प्रकाश शर्मा, लोकेश शर्मा, कपिल शर्मा, संदीप शर्मा, पंकज शर्मा आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।









