जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु दर को कम करने तथा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि कानूनी और सामाजिक जिम्मेदारी भी है। जनपद में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस तथा तीनों प्राधिकरणों के संबंधित अधिकारियो से कहा कि अवैध स्टैंड, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर उनमें अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं। अवैध कटों को बंद करने एवं सड़क सुरक्षा संकेतकों को बेहतर बनाने पर भी विशेष बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा तथा ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
बैठक में हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित प्रत्येक प्रकरण में ईडीएआर पोर्टल पर निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संबंधी विवरण समय पर दर्ज होने से पीड़ितों को मुआवजा एवं बीमा दावों का निस्तारण शीघ्रता से संभव हो सकेगा। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पोर्टल पर सूचनाओं का समयबद्ध एवं सही ढंग से अद्यतन करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके द्वारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जनपद के समस्त विद्यालयों में विद्यालय यान सुरक्षा समिति के तहत स्कूलों में अभियान चलाकर स्कूल वाहनों की फिटनेस व चालकों की आंख व स्वास्थ्य जांच अवश्य करा ली जाए एवं यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना फिटनेस के स्कूली बस सड़कों पर न उतर पाए।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की प्रमुख सड़कों एवं यातायात प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण करते हुए होल्डिंग एरिया चिन्हित किए जाएं, जिससे यातायात के सुचारू संचालन में सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा तथा डीसीपी ट्रैफिक के अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ उदित नारायण पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन एवं पुलिस, प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।









