Blog

आगामी 12 सितम्बर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मा0 जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 26 अगस्त, 2026

जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 12 सितम्बर 2026 को जनपद मुख्यालय एवं सभी तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम वादों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से माननीय जनपद न्यायाधीश, गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज न्यायालय सभागार में न्यायिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पक्षकारों को समयपूर्व सूचित किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, दीवानी वाद, एम0वी0 एक्ट एवं ई-चालान वाद, आर्बिट्रेशन मामले, विशेषतः लघु शमनीय अपराध, धारा 138 एनआई एक्ट के वाद, विद्युत अधिनियम के वाद, भू-राजस्व, सेवा संबंधित एवं पेंशन के मामले, श्रम मामले तथा अन्य प्रकृति के मामलों का आपसी सुलह-समझौते एवं सहमति के आधार पर अधिक से अधिक निस्तारण किया जाएगा।
इसके साथ ही प्री-लिटीगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत एवं बीएसएनएल बिल सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने एवं अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए न्यायिक अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रथम अपर जिला जज सुनील कुमार, अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, अपर जिला जज पोक्सो अभिषेक पाण्डेय, अपर जिला जज तृतीय सौरभ द्विवेदी, अपर जिला जज सतेन्द्र सिंह, अपर जिला जज संदीप चौधरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिकेष पाण्डेय, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम मयंक त्रिपाठी, सिविल जज सी.डि. बबीता पाठक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि सागर, अपर सिविल जज सीडि. सुमित कुमार, अपर सिविल जज सीडि. श्रयांश निरंजन, सिविल जज जू.डि. अंकिता सिंह, अपर सिविल जज जू.डि. शौर्य चौहान, सिविल जज जू.डि. अभिषेक कुमार, सिविल जज जू.डि. सुश्री जूही आनंद, सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रभात कुमार, सिविल जज जूनियर डिवीजन सिद्धार्थ कुमार सहित न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button