Blog

मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अंबर एवं ऐसेंट के अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का किया शिलान्यास एवं भूमि पूजन

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 27 जून, 2026

उत्तर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद गौतमबुद्धनगर के यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-10 में स्थित अंबर एवं ऐसेंट के अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। यह महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।

लगभग 6785 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली इस परियोजना से हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। यह अत्याधुनिक परियोजना इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, कंपोनेंट निर्माण और उच्च तकनीकी उद्योगों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इससे उत्तर प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण नीति, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण नीति तथा सेमीकंडक्टर नीति को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत को इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इसी विजन को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के नेतृत्व में अभिनव और आक्रामक रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक निवेशों को गति देने में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव जी का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।

मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद अब इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में यह एक और बड़ी उपलब्धि है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट के संयुक्त उपक्रम द्वारा ₹6,785 करोड़ का निवेश उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। यह परियोजना न केवल प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी, बल्कि देश को इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कभी पिछड़ेपन और अव्यवस्था के लिए जाना जाने वाला जेवर आज विकास और निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से जेवर में विश्वस्तरीय नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिली है। एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं और इसके साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है। जेवर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बड़े निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं, जिससे यह क्षेत्र रोजगार, उद्योग और विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, 36 सेक्टोरल पॉलिसी, सिंगल विंडो सिस्टम और लगभग 75 हजार एकड़ के लैंड बैंक के कारण देश-दुनिया के निवेशक प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। सरकार हर निवेशक को समयबद्ध स्वीकृतियां और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है, जिससे निवेश प्रक्रिया सरल और प्रभावी बनी है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख हब बन चुका है। देश में निर्मित कुल मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत उत्पादन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और उत्तर प्रदेश में हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण के क्षेत्र में भी प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अंबर ग्रुप और कोरिया सर्किट का यह निवेश इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि भारत और कोरिया के संबंध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत मजबूत हैं। कोरिया के इतिहास में अयोध्या से जुड़े संबंधों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दोनों देशों के बीच यह आत्मीय रिश्ता आर्थिक सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान कर रहा है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र को भी लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से देश और दुनिया के सामने नई पहचान दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निवेश प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, नए स्टार्टअप को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश की निर्यात क्षमता मजबूत होगी।
इस अवसर में माननीय केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जी ने अपने सबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के विजन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग नीति के कारण जेवर में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण की शुरुआत हो रही है। उन्होंने बताया कि अंबर कोरिया सर्किट द्वारा स्थापित होने वाली पीसीबी निर्माण इकाई से भारत की आयात निर्भरता कम होगी और जेवर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर उद्योग का बड़ा केंद्र बनेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार, सभी सहयोगियों और कंपनी को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख हब बनेगा।
माननीय केंद्रीय मंत्री पर्यावरण वन जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भूपेंद्र यादव जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल शासन से उत्तर प्रदेश आज निवेश, उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जेवर की यह परियोजना युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार और तकनीकी अवसरों के नए द्वार खोलेगी। उन्होंने किसानों को विकास यात्रा का साझेदार बताते हुए कहा कि ऐसी परियोजनाएं विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगी।
इस अवसर पर मा0 मंत्री केंद्रीय रेलवे एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के मंत्री अश्विनी वैष्णो जी, मा0 केंद्रीय मंत्री पर्यावरण वन जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भूपेंद्र यादव, उत्तर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास के मा0 मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, जनपद के मा0 प्रभारी मंत्री गौतम बुद्ध नगर बृजेश सिंह , मा0 सांसद डॉक्टर महेश शर्मा , मा0 सांसद सुरेंद्र नागर, भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, मा0 विधायक धीरेंद्र सिंह, मा0 विधायक दादरी तेजपाल नागर, जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर महेश अभिषेक शर्मा, सलाहकार उत्तर प्रदेश शासन अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई आलोक कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, शासन, प्रशासन, प्राधिकरण व पुलिस वरिष्ठ अधिकारियोें सहित एसडी चेयरमैन अंबर ग्रुप जसवीर सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीजीत सिंह तथा सीईओ कोरिया सर सर्किट मिस्टर रियांग हो चो उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button