अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर श्री बालाजी एन्क्लेव में हुआ भव्य योग कार्यक्रम
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री बालाजी एन्क्लेव में सामूहिक योग कार्यक्रम का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के आयोजक एवं श्री बालाजी एन्क्लेव के अध्यक्ष ओमवीर आर्य एडवोकेट ने बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत की प्राचीन योग परंपरा का वैश्विक सम्मान है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
योग सत्र का संचालन राजकुमार आर्य एडवोकेट, जिला कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गौतमबुद्ध नगर द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। वहीं महेन्द्र एडवोकेट ने योगासनों को सरल एवं सहज तरीके से करवाकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में राजपाल नागर एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन दादरी ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास ने उनके जीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब चलना-फिरना भी कठिन हो गया था, लेकिन योग को अपनाने के बाद आज वे कई बीमारियों से दूर हैं और स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
इस अवसर पर आदित्य शर्मा, हंसराज सिंह, सुंदर लाल भाटिया, रमेश बंसल, किरणपाल नागर, विनोद नागर,मनोज गोयल, अजय भाटी, गजेपाल फौजी, किरणपाल सिंह, अतुल भाटी, राघव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया और स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।









