Blog

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एयरफील्ड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 08 अक्टूबर, 2026

जिलाधिकारी, गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में वर्चुअल मोड के माध्यम से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयरफील्ड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (एईएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट क्षेत्र एवं उसके आसपास पक्षियों तथा अन्य जीवों की गतिविधियों से जुड़े संभावित जोखिमों एवं उनकी रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष रूप से पक्षियों एवं पशुओं के विमानों से टकराने की संभावनाओं तथा एयरपोर्ट क्षेत्र में सुरक्षित एवं अनुकूल पर्यावरण बनाए रखने के संबंध में चर्चा की गई। समिति द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से तथा आपसी समन्वय के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) एवं सिंचाई विभाग को लंबित जल निकासी कार्यों में तेजी लाने तथा जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए गए, जिससे एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों एवं अन्य जीवों के एकत्र होने की संभावनाओं को कम किया जा सके।
बैठक का परिचालन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) द्वारा किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट के अधिकारियों ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से क्षेत्र में पक्षियों एवं अन्य जीवों की गतिविधियों को प्रभावित करने वाले विभिन्न कारकों से समिति को अवगत कराया गया।
समिति द्वारा इन सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास स्वच्छता, जल निकासी एवं पशु प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा), जिला सिंचाई विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस, नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button