पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने थाना नॉलेज पार्क में एफडीआरसी के नवीकरण कक्ष का उद्घाटन कर शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित एफडीआरसी के वार्षिक कार्यक्रम को किया संबोधित
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

आज दिनांक 18.09.2026 को पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा थाना नॉलेज पार्क में स्थापित फैमिली डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन क्लीनिक (FDRC) के नवीकरण कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता सिंह चौहान के साथ फीता काटकर नवीनीकृत कक्ष का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने एफडीआरसी की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित समाधान की दिशा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
उद्घाटन उपरांत पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित एफडीआरसी के वार्षिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों का समयबद्ध, संवेदनशील एवं संवाद आधारित समाधान सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि एफडीआरसी के माध्यम से अनेक परिवारों को न्यायालयी प्रक्रिया से पूर्व ही आपसी सहमति एवं परामर्श के जरिए राहत प्राप्त हो रही है, जिससे पारिवारिक संबंधों को पुनः स्थापित करने में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं एवं विशेषज्ञों से इस दिशा में समन्वित प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बबीता सिंह चौहान ने अपने संबोधन में महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण, परिवारों में संवाद एवं परामर्श की आवश्यकता तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए एफडीआरसी जैसे मंचों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ परिवारों को टूटने से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान शारदा यूनिवर्सिटी के चांसलर श्री पी.के. गुप्ता, प्रो-चांसलर श्री वाई.के. गुप्ता, शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन श्री ऋषिकेश धवे, डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती सुनीति सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, विधि विशेषज्ञ, अधिवक्तागण, परामर्शदाता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









