मा0 मुख्यमंत्री जी ने लखनऊ से किया नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ, जनपद में सजीव प्रसारण के दौरान जिलाधिकारी ने नवचयनित युवाओं को दी शुभकामनाएं
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 25 अगस्त, 2026
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और कृषि व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा आज जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से कृषि विभाग के लिए नवचयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) तथा मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 1

26 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
उक्त कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, उप कृषि निदेशक तथा संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मा0 मुख्यमंत्री जी के संबोधन तथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना।

उप कृषि निदेशक द्वारा बताया गया कि जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित कार्यक्रम में 07 नवचयनित प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नवचयनित युवाओं में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया। इनकी नियुक्ति से कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्यों को और गति मिलेगी तथा किसानों तक शासन की कृषि योजनाओं, आधुनिक तकनीकी जानकारी एवं विभागीय सेवाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। कृषि क्षेत्र में प्राविधिक सहायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नवचयनित कार्मिकों से किसानों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मान के साथ व्यवहार करते हुए शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि नवचयनित कार्मिक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासन की योजनाओं की जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से जनपद की कृषि व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों ने भी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे, अपर जिला कृषि अधिकारी अम्बा प्रकाश शर्मा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









