चीनी की जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी रोकने हेतु गठित टीमों द्वारा विभिन्न चीनी डीलर/व्यापारियों स्टॉक का सत्यापन
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 23 अगस्त 2026
जिला खाद्य विपणन अधिकारी गौतमबुद्धनगर अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि विगत कुछ दिनों में चीनी के मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चीनी की कमी से सम्बन्धित भ्रामक सूचनाओं को देखते हुए जनपद में चीनी की अवैध जमाखोरी एवं मुनाफाखोरी को रोकने हेतु तहसीलवार टीमों का गठन किया गया है। गठित टीमों द्वारा निरन्तर अभियान चलाकर चीनी के डीलरों के स्टॉक का सत्यापन किया जा रहा है।
इसी क्रम में गठित टीमों द्वारा 22 अगस्त 2026 को जनपद के विभिन्न चीनी के डीलरों/व्यापारियों के स्टॉक का सत्यापन किया गया, जिसमें निरीक्षण किए गए डीलरों/व्यापारियों के स्टॉक को मिलाकर 436.75 मीट्रिक टन चीनी की मात्रा उपलब्ध पायी गयी।
भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय (खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग), नई दिल्ली की अधिसूचना दिनांक 28 जुलाई, 2026 के का०आ० 4165 (अ.) के अनुसार चीनी के डीलरों के लिए दिनांक 01.08.2026 से 30.11.2026 तक स्टॉक लिमिट लागू रहेगी। इसके अन्तर्गत कोई भी डीलर किसी स्टॉक की प्राप्ति की तारीख से 30 दिन से अधिक अवधि के लिए स्टॉक का भण्डारण नहीं करेगा तथा किसी भी समय और किसी भी स्थान पर 400 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखेगा।
चीनी के डीलर/व्यापारियों द्वारा खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के पोर्टल https://foodstock.dfpd.gov.in पर चीनी के स्टॉक को ऑनलाइन फीड कराया जा रहा है तथा उसे नियमित रूप से अद्यतन करते रहने के निर्देश जारी किये गये हैं।
जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आवश्यकतानुसार चीनी की समुचित आपूर्ति हो रही है। जन सामान्य अपनी आवश्यकता के अनुरूप चीनी खुले बाजार से प्राप्त कर सकते हैं। आमजनमानस से अपील है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चीनी की कमी से सम्बन्धित फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
यदि कोई व्यक्ति/व्यापारी जमाखोरी एवं कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्राविधानों के अनुसार कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।









