Blog

एनटीपीसी दादरी में बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2026 का शुभारंभ

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

एनटीपीसी दादरी द्वारा दिनांक 23 मई 2026 को बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girl Empowerment Mission – GEM) 2026 का शुभारंभ किया गया। यह चार सप्ताह का आवासीय शिविर 19 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों से कुल 121 बालिकाएं भाग लेंगी। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ए. के. मिश्र, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी दादरी तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रियंका, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी के सभी महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, चयनित बालिकाएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण एवं एनटीपीसी गीत के साथ हुई। इस दौरान GEM पर आधारित प्रेरणादायक प्रस्तुतियां एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

इस अभियान के अंतर्गत बालिकाओं को शारीरिक, मानसिक, शैक्षणिक एवं नैतिक विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षणों से जोड़ा जाएगा। शिविर में संवाद कौशल, कंप्यूटर शिक्षा, योग, आत्मरक्षा, कला, संगीत एवं नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

अपने संबोधन में श्री ए. के. मिश्र ने कहा कि “बालिकाओं का सशक्तिकरण समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। GEM जैसे अभियान ग्रामीण बालिकाओं को नए अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”

एनटीपीसी की यह पहल शिक्षा, समानता एवं महिला सशक्तिकरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Related Articles

Back to top button