Blog

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की महिला पुलिस इकाई द्वारा भव्य स्कूटी रैली का आयोजन कर ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) का शुभारंभ किया गया।

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

 

आज दिनांक 24.03.2026 को पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की महिला इकाई की भव्य स्कूटी रैली को फ्लैग ऑफ कर ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती अनुकृति शर्मा एवं एसीपी-2 नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इस भव्य स्कूटी रैली में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ‘स्वयं सिद्धा’ मोबाइल, एंटी रोमियो स्क्वाड, पीआरवी वाहन एवं पिंक बूथ की आकर्षक झांकी के माध्यम से सहभागिता की गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक शहर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण करते हुए आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 से संबंधित संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनजागरूकता बढ़ाई गई।

इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से महिला सुरक्षा एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बताया गया कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा निरंतर मिशन शक्ति अभियान, महिला सुरक्षा अभियान, बाल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेज आउटरीच, एंटी रोमियो स्क्वाड एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र एवं वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित सहायता, परामर्श एवं सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अधिकारियों ने यह भी अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं—जैसे कन्या सुमंगला योजना, मिशन वात्सल्य, महिला हेल्पलाइन सेवाएं एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम—महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, संरक्षण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ महिलाओं एवं बच्चों के प्रति सुरक्षा, सम्मान एवं संवेदनशीलता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय भागीदारी इस दिशा में एक सशक्त संदेश है कि पुलिस प्रशासन महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

यह रैली मात्र एक आयोजन न होकर महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं सशक्तिकरण के प्रति जनमानस को जागरूक करने का एक प्रभावी अभियान सिद्ध हुई, जिसके माध्यम से “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।

 

Related Articles

Back to top button