Blog

77.66 करोड़ रूपए के रेरा बकायेदार अंसल समूह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, तीन निदेशक गिरफ्तार, 15 दिवस तक निरुद्ध किए जाने के आदेश

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 12 नवंबर, 2026

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में लंबे समय से बकाया राजस्व एवं उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) द्वारा निर्गत वसूली प्रमाण-पत्रों की धनराशि जमा न करने वाले डिफॉल्टर बिल्डरों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी एवं कठोर वसूली अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी दादरी, गौतमबुद्धनगर अरूण कुमार ने बताया कि तहसील दादरी में रेरा द्वारा निर्गत वसूली प्रमाण-पत्र के अंतर्गत मैसर्स अंसल हाईटेक टाउनशिप्स लिमिटेड उत्तम स्टील्स एसोसिएट्स लिमिटेड के विरुद्ध कुल 77,66,80,434/- (रुपये सतहत्तर करोड़ छियासठ लाख अस्सी हजार चार सौ चौंतीस मात्र) एवं ब्याज की धनराशि भू-राजस्व के बकाये के रूप में वसूली हेतु लंबित है।
उक्त बकायेदार फर्म को बकाया धनराशि जमा कराने हेतु नियमानुसार मांग-पत्र जारी कर विधिवत तामील कराया गया था, किंतु निर्धारित अवधि में बकाया धनराशि जमा नहीं की गई। फलस्वरूप उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 171 एवं उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली, 2016 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तारी का अधिपत्र (आरसी प्रपत्र-37) जारी किया गया।
उक्त गिरफ्तारी अधिपत्र के अनुपालन में 11.11.2026 को पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित बकायेदार फर्म से जुड़े तीन निदेशक, जिसमें श्रीराम पुत्र महादेव, मोहम्मद अलीम पुत्र मोहम्मद सलीम, तस्लीम सिद्दीकी पुत्र सलीम सिद्दीकी को गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी दादरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बकायेदारों को सुनवाई तथा बकाया धनराशि के भुगतान अथवा पर्याप्त प्रतिभूति प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया, किंतु उनके द्वारा न तो बकाया धनराशि जमा कराई गई और न ही पर्याप्त प्रतिभूति उपलब्ध कराई गई। अतः बकाया धनराशि की वसूली के उद्देश्य से विधिसम्मत पाए जाने पर संबंधित बकायेदारों को 15 (पन्द्रह) दिवस से अनधिक अवधि के लिए निरुद्ध किए जाने का आदेश पारित किया गया।
इस संबंध में अधीक्षक, जिला कारागार, गौतमबुद्धनगर को संबंधित बकायेदारों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर निरुद्ध किए जाने हेतु आदेश प्रेषित किया गया है।
उप जिलाधिकारी दादरी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन द्वारा रेरा एवं अन्य विभागों के वसूली प्रमाण-पत्रों के सापेक्ष बकाया धनराशि की वसूली सर्वोच्च प्राथमिकता पर की जा रही है। लंबे समय से बकाया धनराशि जमा न करने वाले बिल्डरों एवं अन्य बकायेदारों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत बैंक खातों की कुर्की, चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की तथा नीलामी सहित गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जाएगी।
तहसील दादरी के समस्त बकायेदारों से अपील की जाती है कि वे अपने विरुद्ध लंबित वसूली प्रमाण-पत्रों के सापेक्ष बकाया धनराशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करें। अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला प्रशासन गौतमबुद्धनगर राजस्व वसूली के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा डिफॉल्टर बिल्डरों एवं अन्य बकायेदारों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button