छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 08 जून, 2026
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कार्यालय कक्ष में छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव, जल निकासी, विद्युत एवं अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा ड्रेनेज कार्य में हो रही देरी के कारण औद्योगिक क्षेत्र में उत्पन्न जलभराव की समस्या सहित विभिन्न मुद्दों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं का सीधा असर औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है।

जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने एनएचएआई, आईजीएल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारिक हितों को प्राथमिकता देते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।
बैठक के दौरान जीएम प्रोजेक्ट, नोएडा प्राधिकरण की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। वहीं अधिशासी अभियंता, यूपीपीसीएल के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।









