Blog

दादरी, 17 अगस्त 2025 — आज दादरी स्थित श्री राम फार्म हाउस में आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ द्वारा एक विशाल जनसभा आयोजित की गई।

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

इस जनसभा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने किया तथा मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने उपस्थित होकर सभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम में पार्टी के कई विधायक, पूर्व विधायक, संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में किसान, नौजवान और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

अपने संबोधन में संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान भाजपा सरकार की गलत नीतियों से त्रस्त है। किसानों को समय पर खाद-बीज, सिंचाई के लिए बिजली और नहरों में पानी नहीं मिलता। शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएँ ठप पड़ी हैं, यही कारण है कि अब जनता परिवर्तन चाहती है।

उन्होंने याद दिलाया कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में 27,000 सरकारी स्कूल बंद करने का फरमान जारी किया था, जिसका आम आदमी पार्टी ने सड़क से लेकर सदन तक विरोध किया है और तब तक करती रहेगी जब तक एक भी स्कूल बंद रहेगा।

संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी सदैव किसानों के साथ खड़ी रही है—चाहे किसान आंदोलन का समय रहा हो या उनकी प्रमुख माँगें जैसे कर्ज़ माफी, गन्ना किसानों का समय पर भुगतान, सस्ती व गुणवत्तापूर्ण बीज-उर्वरक की उपलब्धता और कृषि यंत्रों पर विशेष पैकेज की बात रही हो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग

के साथ मिलकर एसएआर तंत्र के जरिए नागरिकों के लोकतांत्रिक वोट के अधिकार को कमजोर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने स्पष्ट कहा था कि देश के हर नागरिक को समान वोट का अधिकार है और उसकी रक्षा करना ही सच्ची लोकतंत्र रक्षा है।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि उत्तर प्रदेश की सरकार कान खोलकर सुन ले—राज्य में किसी भी किसान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अंत में अशोक कमांडो ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया और सभा का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button