Blog

जनपद में औद्योगिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन सक्रिय

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 15 अप्रैल 2026

जनपद में औद्योगिक वातावरण को सदृढ़ बनाए रखने, श्रमिकों एवं प्रबंधन के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा औद्योगिक शांति एवं सौहार्द को बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज नोएडा सेक्टर-84 स्थित रिचाको एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रमिकों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए कार्य परिस्थितियों एवं अन्य आवश्यकताओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने श्रमिकों को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा श्रमिक हितों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, विशेष रूप से हाल ही में की गई वेतन वृद्धि, बोनस, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य कल्याणकारी नीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना एवं उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने प्रबंधन को शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा यह भी कहा कि श्रमिकों की सुविधाओं एवं सुरक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जायें।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से महिला श्रमिकों से भी संवाद स्थापित किया और उनकी कार्यस्थल संबंधी समस्याओं, सुरक्षा एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिला श्रमिकों की सुरक्षा एवं सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
श्रमिकों ने सरकार द्वारा की गई वेतन वृद्धि एवं कल्याणकारी निर्णयों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया।

Related Articles

Back to top button