Blog

उ.प्र. लोक निर्माण विभाग मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के 100वें स्थापना दिवस पर शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग मिनिस्टीरियल एसोसिएशन की जनपद शाखा गौतमबुद्धनगर द्वारा सोमवार को लोक निर्माण विभाग परिसर में एसोसिएशन का 100वां स्थापना दिवस शताब्दी वर्ष समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

समारोह में दादरी विधायक श्री तेजपाल सिंह नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। मुख्य अतिथि ने 100वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण के लिए संगठन की भूमिका की सराहना की।

वक्ताओं ने संगठन के संस्थापकों एवं पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संगठन की एकता, कर्मचारी कल्याण तथा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का मंच संचालन क्षेत्रीय मंत्री श्री निमेश गोयल एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री दीप सिंह भाटी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता श्रीमती कंचन सिंह, सहायक अभियंता श्री प्रमोद कुमार शर्मा, प्रांतीय मार्गदर्शक श्री चाहतराम, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री गंगाराम, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री विजेन्द्र त्यागी, श्री अब्दुल समद चौधरी, तथा जनपद शाखा गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष श्री रौदाश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेन्द्र कुमार, मंत्री श्री प्रयांत कुमार, वित्त मंत्री श्री सुधीर सिंह सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

समारोह में गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ एवं बागपत सहित विभिन्न जनपदों से आए अनेक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में श्री रूपेश एवं श्रीमती अर्चना सिंह द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शताब्दी वर्ष समारोह के अवसर पर संगठन के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा संगठन की एकजुटता, कर्मचारी हितों एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

समारोह का समापन संगठन की प्रगति, कर्मचारी कल्याण एवं संगठनात्मक एकता के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button