Blog

जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित युवाओं ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा:- स्थाई रोजगार देने की उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई वायदा खिलाफी को लेकर जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं ने दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर इस प्रकरण में मदद करने की गुहार लगाई। इस दौरान युवाओं ने बताया कि सरकार द्वारा एयरपोर्ट में जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण हुई थी, उनके परिवार में से किसी एक सदस्य को स्थाई नौकरी अथवा 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की थी, जिसमें से 750 परिवारों ने स्थाई रोजगार लेने की मांग स्वीकार की थी, लेकिन 7 वर्ष से अधिक बीत जाने के बाद भी उन्हें रोजगार नहीं मिला है।

जब युवा अपने हक लेने की मांग करता है तो सरकार पेटी ठेकेदारों के अंतर्गत सिक्योरिटी गार्ड जैसे पदों पर नियुक्ति देकर युवाओं को छलने का काम कर रही है। इस मौके पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनकी बात संसद में उठाने तथा उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर युवाओं को जेवर एयरपोर्ट में स्थाई रोजगार प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों को सरकार ने ठगने का काम किया है। समाजवादी पार्टी सरकार बनने पर सभी किसानों का उनका हक दिया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करते समय मुख्य रूप से सपा जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, वरिष्ठ नेता दीपक भाटी देवटा, विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर राजेश सिंह रोही, रोहित मत्ते गुर्जर, लोकेश चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button