अधिवक्ताओं का उपहास पड़ा भारी—चार पुलिसकर्मी अदालत में तलब ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के दादरी कोतवाली क्षेत्र की कस्बा चौकी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

विधि छात्र युगांश दीक्षित के साथ कथित अभद्रता, पेशे का उपहास उड़ाने और अवैध रूप से बाइक सीज करने के आरोप में माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्धनगर ने चार पुलिसकर्मियों को न्यायालय में तलब किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मनीष व संजीव, चौकी इंचार्ज सुरेश चंद शर्मा तथा टीएसआई देवेंद्र सिंह पर आरोप है कि उन्होंने युगांश दीक्षित को रोककर न केवल उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उनके पिता के विधि व्यवसाय का भी मजाक उड़ाया। पीड़ित का आरोप है कि बिना वैध कारण उनकी बाइक चौकी ले जाई गई और 10 हजार रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर बाइक को जबरन सीज कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर युगांश के मामा विक्रांत शर्मा एडवोकेट और फूफा कपिल शर्मा एडवोकेट मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया और अधिवक्ता होने का उपहास उड़ाया।
इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने संबंधित पुलिसकर्मियों को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा है।
यह घटना न केवल पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाती है, बल्कि आम नागरिकों और कानून के छात्रों के साथ व्यवहार को लेकर भी गंभीर चिंता उत्पन्न करती है। अब सबकी नजरें न्यायालय की आगामी कार्यवाही पर टिकी हैं, जहां सच और जवाबदेही की परीक्षा होगी। गौरतलब है कि दादरी कस्बा चौकी प्रभारी सुरेश चंद शर्मा व अन्य पुलिस कर्मियों की कार्य शैली को लेकर शहर के लोग संतुष्ट नहीं है। पिछले कुछ समय से दादरी कस्बा क्षेत्र में लूटपाट व चोरी की कई घटनाएं हो चुकी है। पुलिस के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद कुछ घटनाओं का मुकदमा दर्ज हुआ है। लेकिन ऐसी कई घटनाएं हैं जिनकी शिकायत पीड़ित ने कस्बा चौकी पर जाकर पुलिस को दी लेकिन उन शिकायतों का कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आज भी लोग रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दादरी कोतवाली व कस्बा चौकी दादरी के चक्कर लगा रहे है। लेकिन उनका मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है और पुलिस ने जिन घटनाओं का मुकदमा दर्ज किया है उन घटनाओं का कोई खुलासा नहीं हो पाया है। दादरी कस्बा चौकी प्रभारी की लापरवाही का फायदा इन दोनों चोर व बदमाश उठा रहे हैं।









