Blog

जेवर में प्रस्तावित इंडिया चिप प्रा.लि. के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सुंदरलाल शर्मा गौतम बुध नगर

गौतमबुद्धनगर, 19 फरवरी 2026

यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-28, जेवर में प्रस्तावित एचसीएल एवं फॉक्सकॉन कम्पनी के संयुक्त उद्यम इंडिया चिप प्रा.लि.(सेमीकंडक्टर पार्क) के शिलान्यास कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु आगामी वीवीआईपी मूवमेंट के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने मा० विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल एवं हैलीपेड का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, अतिथि एवं मीडिया दीर्घा, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन का विस्तार से जायजा लिया। साथ ही हैलीपेड स्थल पर सुरक्षा मानकों, बैरिकेडिंग, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस एवं वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने तथा आगंतुकों हेतु उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीसीपी साद मियां खान, डॉ प्रवीण रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण कंचन, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर एवं संबंधित आधिकारिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button