Blog

आगामी होली पर्व एवं रमजान माह के अवसर पर जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने हेतु पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और पुलिस बल के साथ सघन फ्लैग मार्च आयोजित किया

सुंदरलाल शर्मा गौतम बुध नगर

इस दौरान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के साथ अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा पुलिस उपायुक्त नोएडा श्री साद मियां खान सहित वरिष्ठ अधिकारीगण और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहे। पुलिस बल द्वारा अनुशासित रूप से फ्लैग मार्च किया गया, जिससे नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुनिश्चित किया गया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर द्वारा गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रमुख बाजारों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का फ्लैग मार्च के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण किया गया और मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों को सतर्क रहने और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

इस दौरान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं आमजन से संवाद स्थापित करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे, पारस्परिक सम्मान एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। नागरिकों को आश्वस्त किया गया कि गौतमबुद्धनगर पुलिस प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रिय उपस्थिति पूरे क्षेत्र में निरंतर बनी रहेगी।

आमजन को अफवाहों से सतर्क रहने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा ड्रोन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी असामाजिक या कानून-विरोधी गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान फ्लैग मार्च, पैदल गश्त एवं सतत निगरानी जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे त्योहारों को प्रेम, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ मनाएँ तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित हो। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और सहयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण हेतु निरंतर सक्रिय है।

Related Articles

Back to top button