एम एच पब्लिक स्कूल ने मनाया छत्रपति शिवाजी का राज्यभिषेक महोत्सव
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी। बादलपुर चैरिटी ट्रस्ट द्वारा संचालित एम एच पब्लिक स्कूल के द्वारा शनिवार देर शाम को अपना वार्षिकोत्सव कार्यक्रम धूम धाम से मनाया गया। कार्यक्रम को स्कूल के नन्हें मुन्हें छात्र छात्राओं के द्वारा वीर शिवाजी राज्याभिषेक महोत्सव नाम दिया गया। इतना ही नहीं इस दौरान विद्यालय के छात्र छात्राओं के द्वारा वीर छत्रपति शिवाजी के जीवन पर आधारित विभिन्न रंगा रंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए

कार्यक्रमों की प्रस्तुती ने माहौल को पूरी तरह भगवामय बना दिया और लोगों के रौंगटे खडे हो गए। जिसके बाद हर कोई जय भवानी का नारा लगाने से खुद को रोक नहीं सका। कार्यक्रम का शुभारंभ बादलपुर चैरिटी ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी दिनेश गुप्ता एवं कविता गुप्ता के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी प्रबंधक संजय गोयल ने बताया कि हर वर्ष विद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम को छात्र छात्राओं के लिए प्रेरक बनाने का प्रयास किया जाता है। जिसके तहत इस वर्ष के वार्षिकोत्सव को वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक महोत्सव के रूप में मनाया गया है। ताकि छात्र छात्राओं के लिए अपने इतिहास से जुडने का अवसर मिले और जीवन में एक नई प्रेरणा मिल सके।

उसी को ध्यान में रखते हुए छात्र छात्राओं के द्वारा शिवाजी महाराज के जन्म से लेकर युद्ध के मैदान और राज्याभिषेक तक की भूमिकाओं को दर्शकों के सम्मुख प्रमुख रूप से दर्शाया गया।
वहीं इस अवसर पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए क्षेत्रीय विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का योगदान मराठा साम्राज्य की स्थापना, मुगल साम्राज्य के विरुद्ध संघर्ष और भारतीय संस्कृति की रक्षा में महत्वपूर्ण था। उन्होंने कुशल सैन्य रणनीतियाँ, एक मजबूत नौसेना, और एक प्रगतिशील प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित की।

शिवाजी ने सभी धर्मों के प्रति सम्मान दिखाया और सामाजिक न्याय, धार्मिक सहिष्णुता, तथा महिलाओं के अधिकारों को बढ़ावा देने के प्रयास किए। इसी के साथ उन्होंने किसानों की सहायता के लिए ऋण उपलब्ध कराए और कर निर्धारण के लिए नियमों में सुधार किया। कुल मिलाकर हमें छत्रपति शिवाजी महाराज से जीवन के हर क्षेत्र में कोई ना कोई सीख लेनी चाहिए।

इस अवसर पर कार्यक्रम में पूर्व मंत्री करतार सिंह नागर, संजय गोयल, सुनीता गोयल, विद्यालय की डायरेक्टर सुनीता सक्सैना, प्रधानाचार्य दीप्ती शर्मा, जय हो संस्था के संस्थापक कपिल शर्मा एडवोकेट, मास्टर विजयपाल नागर, बीजेपी के मंडल अध्यक्ष महेंद्र नागर, टीकाराम शर्मा, वरून नागर आदि लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।









