जनपद में एलपीजी के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध चल रहा सघन जांच अभियान
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 19 मार्च, 2026
जनपद में एलपीजी गैस के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित उपजिलाधिकारी/नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बांट माप विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारियों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में विगत दिवस गठित टीमों द्वारा जनपद में विभिन्न स्थानों पर जांच की गई। जांच के दौरान मै० कासना इण्डेन गैस एजेंसी (स्वामी श्री गोपाल) नटों की मडैया, कासना गौतमबुद्धनगर स्थित गैस गोदाम पर पहुंच कर स्थलीय जांच की गयी। जांच के समय मौके पर इण्डेन कम्पनी के 08 भरे घरेलू सिलेन्डर किन्तु अनशील्ड गोदाम के अन्दर पाये गये तथा 10 किग्रा० का 01 घरेलू सिलेन्डर आधा भरा एवं 04 खाली सिलेन्डर अर्थात कुल 13 सिलेन्डर कासना इण्डेन गैस एजेन्सी (स्वामी गोपाल) के गोदाम के अन्दर रखे बरामद हुए जोकि द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) आदेश-2000 यथा संशोधित के प्राविधानों का स्पष्ट उल्लंघन है, जिसके अनुक्रम में कन्हैया लाल पुत्र मान सिंह, मूल निवासी मoनंo-82, ग्राम आसफपुर नंगलिया, ब्लॉक-खुर्जा, तहसील खुर्जा जिला बुलन्दशहर, योगश, नरेन्द्र एवं अन्य संलिप्त के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 एवं अन्य ससुंगत धाराओं में अभियोग थाना बीटा-2 जनपद गौतमबुद्धनगर में पंजीकृत कराया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में उपरोक्तानुसार जांच अभियान निरंतर संचालित किया जाता रहेगा, ताकि एलपीजी एवं पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता तथा नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।









