शैफाली पब्लिक स्कूल, दादरी में 100 कुण्डीय अयुताद्र्चंडी महायज्ञ एवं 5100 कलशों की भव्य मंगल कलश यात्रा का शुभारम्भ
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी क्षेत्र के प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थान शैफाली पब्लिक स्कूल में आज आध्यात्मिकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला, जब 100 कुण्डीय अयुताद्र्चंडी महायज्ञ एवं 5100 कलशों की मंगल कलश यात्रा का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

मंगल कलश यात्रा में शैफाली पब्लिक स्कूल के समस्त समिति परिवार एवं समस्त स्टाफ के साथ-साथ हजारों श्रद्धालु महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय हो गया।
यह भव्य यात्रा शैफाली पब्लिक स्कूल, दादरी परिसर से प्रारम्भ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए श्री अग्रसेन आदर्श इंटर कॉलेज, रेलवे रोड, दादरी स्थित यज्ञ स्थल पर पहुँची, जहाँ विधिवत यज्ञ अनुष्ठान प्रारम्भ हुआ।

इस 100 कुण्डीय महायज्ञ को सम्पन्न कराने के लिए पूज्यपाद दण्डी स्वामी श्री ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज पधारे, जिनके सानिध्य में समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। वहीं इस महायज्ञ की अध्यक्षता परम पूज्य डॉ. गुण प्रकाश चैतन्य जी महाराज द्वारा की जा रही है।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया महायज्ञ का उद्देश्य समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना तथा भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं का प्रचार-प्रसार करना है

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया तथा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। पूरे आयोजन में सुरक्षा, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
यह महायज्ञ आगामी दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों, प्रवचनों एवं भंडारे के साथ निरंतर चलता रहेगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त करेंगे।
निवेदक:
शैफाली पब्लिक स्कूल, दादरी









