Blog

राष्ट्रीय जैविक संस्थान नोएडा में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का हुआ शुभारंभ

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतम बुद्ध नगर, 17 सितंबर 2025

नोएडा स्थित राष्ट्रीय जैविक संस्थान (एनआईबी) में आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के देशव्यापी अभियान “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” का शुभारंभ माननीय केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया। यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर, 2025 तक चलेगा। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा तथा नोएडा विधायक श्री पंकज सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय केंद्रीय मंत्री द्वारा वृक्षारोपण से हुआ। इसके उपरांत एनआईबी निदेशक ने अतिथियों का स्वागत किया और संस्थान की कार्यप्रणाली तथा इस अभियान से उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। दीप प्रज्वलन के साथ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
माननीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला स्वास्थ्य का सीधा संबंध बच्चों के कल्याण, परिवार की स्थिरता और समाज के समग्र विकास से है। उन्होंने इस अभियान को “स्वस्थ महिला, सशक्त परिवार, सशक्त राष्ट्र” की अवधारणा से जोड़ते हुए इसे जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने राष्ट्रीय जैविक संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान सुरक्षित डायग्नोस्टिक्स, वैक्सीन और चिकित्सीय उत्पादों की उपलब्धता के माध्यम से स्वास्थ्य प्रणाली को सशक्त बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण संबंधी जागरूकता और परिवार व समुदाय के निर्णयों में महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करेगा।
इस अवसर पर मा0 सांसद डॉ महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी व मा0 नोएडा

विधायक पंकज सिंह ने भी अपने विचार रखे और महिला स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को समाज के विकास की नींव बताया।
कार्यक्रम में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मध्यप्रदेश के धार से लाइव संबोधन भी प्रसारित हुआ, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक सुना।

Related Articles

Back to top button