Blog

एनटीपीसी दादरी में द्वि-दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आयोजन

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

नगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत एनटीपीसी दादरी द्वारा महाराणा प्रताप स्टेडियम में द्वि-दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में परियोजना के समीपवर्ती ग्रामों से कुल 465 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 168 बालिकाएँ एवं 297 बालक शामिल थे।

दो दिनों तक चले इस आयोजन में एथलेटिक्स की 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, खो-खो, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा दर्शकों ने भी उनका उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह में मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी दादरी, श्री ए. के. मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ श्री संजय कुमार, महाप्रबंधक (ओ एंड एम), श्री सरोज कुमार, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), अन्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, कर्मचारीगण तथा उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त एनटीपीसी दादरी क्षेत्र में स्वास्थ्य और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में आसपास के गाँवों में अब तक 5 स्टेडियम का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है तथा 4 स्टेडियम निर्माणाधीन हैं। साथ ही गाँवों में ओपन जिम की स्थापना भी की गई है और क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समय-समय पर खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।

एनटीपीसी दादरी सामाजिक दायित्व के अंतर्गत स्थानीय समुदाय के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button