Blog

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के अंतर्गत चयनित सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 09 अप्रैल, 2026

विकसित उत्तर प्रदेश समर्थ उत्तर प्रदेश @2047 अभियान के अंतर्गत जनपद गौतम बुद्ध नगर में चयनित तीन सर्वश्रेष्ठ सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जनपद गौतम बुद्ध नगर के लिए जिन तीन प्रमुख सेक्टरों के सुझावों को अनुमोदन प्राप्त हुआ है, उनमें (1) सांस्कृतिक पर्यटन एवं सेवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, (2) आईटी एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजी (इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, साइंस एंड टेक्नोलॉजी) तथा (3) इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (ट्रांसपोर्ट, सिविल एविएशन, पब्लिक वर्क एवं ऊर्जा) प्रमुख रूप से शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त तीनों क्षेत्रों में जनपद के समग्र और संतुलित विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा सकता है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक पर्यटन एवं सेवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत एक अभिनव पहल के रूप में ऐसे कार्यक्रम को विकसित करने पर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिसके माध्यम से देशी और विदेशी पर्यटक, पर्यटन के साथ समाज सेवा गतिविधियों में भी सहभागिता कर सकें। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पर्यटक अपने भ्रमण के दौरान एक दिन समाज सेवा के कार्यों जैसे गांव के बच्चों को पढ़ाने, अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम, ऐतिहासिक स्थलों की साफ-सफाई, स्थानीय कारीगरों की सहायता करने अथवा वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों में भाग ले सकते हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस योजना के क्रियान्वयन हेतु एक ऑनलाइन मंच “serve and see India” बनाया जाए, जिसके माध्यम से पर्यटक जिस क्षेत्र में भ्रमण के लिए जाएं, वहां की किसी सामाजिक या सांस्कृतिक गतिविधि का चयन कर सकें। इसके लिए स्थानीय गैर सरकारी संगठनों तथा सांस्कृतिक संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पर्यटकों को मार्गदर्शन प्रदान किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की पहल से जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय समुदाय को आर्थिक और सामाजिक रूप से लाभ प्राप्त होगा। साथ ही भारत की संस्कृति, सेवा भावना और “अतिथि देवो भव:” की परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सुझाव के लिए विस्तृत एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार की जाए एवं समयबद्ध तरीके से उनके क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, अपर जिला अधिकारी (भू अर्जन) बच्चू सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, ओएसडी ग्रेटर नोएडा एन के सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button