Blog

जिलाधिकारी ने श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर 21 अप्रैल, 2026

जनपद के श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा उनकी दैनिक समस्याओं के प्रभावी समाधान के हेतु जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बहुचरणीय बैठक आयोजित की जा रही हैं

इसी कड़ी में आज श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि गौतम बुद्ध नगर को उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में जाना जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं और इनमें लाखों की संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। इन सभी श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए श्रमिकों के कार्यस्थल एवं आवासीय क्षेत्रों, कंस्ट्रक्शन साइट पर विशेष हेल्थ कैंप आयोजित करने हेतु माइक्रो प्लान तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को उनकी समय की सुविधा अनुसार सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिलनी चाहिए, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि आयोजित होने वाले आउट साइड हेल्थ कैंपों में चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक दवाइयां, जांच सुविधाएं, टेलीमेडिसिन जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। फर्स्ट एड, ब्लड डोनेशन तथा डिजास्टर मैनेजमेंट साथ ही हेल्थ वेलनेस सेंटरों को बढ़ावा देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लेकर जागरूकता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को जागरुक करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों एवं निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए एनजीओ के सहयोग से सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध सुनिश्चित करने हेतु विचार विमर्श करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राधिकरणों से समन्वय स्थापित कर ऐसी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द धरातल पर लागू की जाएं, ताकि श्रमिकों को पौष्टिक एवं सस्ती भोजन सुविधा उपलब्ध हो सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रमिक हित में सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय राणा, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, एसीएमओ रविंद्र सिरोहा, चंदन सोनी, मंजीत सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी आरपी सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button