Blog

17वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का गरिमामय समापन

सुंदरलाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 26 फरवरी 2026

मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, गौतम बुद्ध नगर द्वारा 20 से 26 फरवरी 2026 तक GNIOT, नॉलेज पार्क में आयोजित 17वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आज भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि (विधायक, दादरी विधानसभा) तेजपाल नागर रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा गीता पंडित, जीएनआईओटी की डायरेक्टर डॉ. सविता मोहन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

उपनिदेशक, मेरा युवा भारत, गौतम बुद्ध नगर शिवेंद्र सिंह जी ने अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस छह दिवसीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं ओडिशा के कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, बालाघाट, गढ़चिरौली, कालाहांडी एवं कंधमाल जैसे जनजातीय जिलों से आए 200 युवाओं ने सहभागिता की।

स्वागत भाषण में शिवेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को देश की अग्रणी शिक्षण संस्थाओं Shiv Nadar University एवं Amity University का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, शोध एवं नवाचार की प्रयोगशालाओं तथा डिजिटल लर्निंग वातावरण को निकट से देखा और समझा।
दिल्ली दर्शन के अंतर्गत युवाओं ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में देश के प्रधानमंत्रियों के योगदान की जानकारी प्राप्त की तथा India Gate एवं National War Memorial पर जाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इन अनुभवों ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की भावना को सुदृढ़ किया।

औद्योगिक भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने Priya Gold, Hero MotoCorp, New Holland Agriculture तथा Busung India जैसी प्रतिष्ठित इकाइयों का अवलोकन किया और उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण एवं तकनीकी नवाचार की जानकारी प्राप्त की।
माननीय विधायक तेजपाल नागर जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम केवल शैक्षणिक या औद्योगिक भ्रमण नहीं, बल्कि अनुभवों का ऐसा संगम है जिसने युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रीय दृष्टिकोण को नई दिशा दी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से प्राप्त प्रेरणा प्रतिभागियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी और वे अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के सशक्त प्रतिनिधि बनकर उभरेंगे।
जीएनआईओटी की डायरेक्टर डॉ. सविता मोहन जी ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुभव, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से ही वास्तविक सीख संभव होती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों से आए युवाओं को नई तकनीकों, उच्च शिक्षा के अवसरों एवं औद्योगिक विकास की जानकारी प्राप्त हुई है, जो उनके भविष्य को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्रों में परिवर्तन के वाहक बनें।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा गीता पंडित ने अपने संदेश में कहा कि जनजातीय युवा हमारे देश की अमूल्य धरोहर हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता एवं आपसी समझ को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब देश के विभिन्न राज्यों के युवा एक मंच पर मिलते हैं, तो वे एक-दूसरे की परंपराओं, संस्कृति और जीवनशैली को समझते हैं, जिससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त बल मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाषण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को माननीय विधायक तेजपाल नागर जी द्वारा प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार ₹1000-₹1000 प्रदान किए गए। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता टीमों को ₹10000, ₹5000 एवं ₹3000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार ₹2000-₹2000 प्रदान किए गए।
अंत में कार्यक्रम सचिव फारमूद अख्तर द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में। रामवीर शर्मा, मनोज शर्मा, दिनेश शर्मा, प्रकाश तिवारी, तालिब, लक्ष्मी, रुखसार एवं हरिओम सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सौजन्य से सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर।

Related Articles

Back to top button