हादसे में गई संविदा बिजली कर्मचारी की जान, बालाजी एंक्लेव कॉलोनी ने दुख की घड़ी में बढ़ाया मदद का हाथ
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

दादरी/नोएडा। दादरी बिजली विभाग में कार्यरत एक संविदा कर्मचारी रवि की ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिवार के मुखिया को अचानक खो देने के बाद जहां घर में मातम छा गया, वहीं श्री बालाजी एंक्लेव कॉलोनी बढपुरा के निवासियों ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया।

श्री बालाजी एंक्लेव कॉलोनी के अध्यक्ष ओमवीर आर्य एडवोकेट ने बताया कि कुछ दिन पूर्व दादरी धूम विद्युत विभाग में कार्यरत संविदा कर्मचारी रवि बिजली की खराबी ठीक करने के लिए ड्यूटी पर गया था। इसी दौरान विभागीय लापरवाही के चलते हुए हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पीछे दो मासूम बेटियां, एक बेटा और पत्नी को गहरे दुख के साथ जीवन की कठिन जिम्मेदारियों के बीच छोड़ दिया।
इस पीड़ा को महसूस करते हुए कॉलोनी के अध्यक्ष ओमवीर आर्य और संरक्षक बलराज नागर ने मानवीय पहल करते हुए एक विशेष सहयोग कोष बनाने का निर्णय लिया।श्रीबालाजी कॉलोनी बढपुरा के लोगों ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया। सभी के सहयोग से करीब 94 हजार रुपये की राशि एकत्रित की गई।
इसके बाद आरडब्ल्यूए अध्यक्ष और उनकी टीम मृतक कर्मचारी के पैतृक गांव जारचा पहुंची और उसकी पत्नी को यह राशि भेंट करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। इस मौके पर उपस्थित लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
इस सहयोग अभियान में ओमवीर आर्य एडवोकेट, भगवत भाटी, राजकुमार आर्य, किरणपाल नागर, अतुल भाटी,अजय भाटी, सहित कई लोग जारचा पहुंचकर परिवार के साथ खड़े नजर आए।
आरडब्ल्यूए की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि दुख की घड़ी में किया गया यह छोटा सा सहयोग भी पीड़ित परिवार के लिए बड़ी संबल बन जाता है और समाज में एकता, संवेदना और इंसानियत की सच्ची मिसाल कायम करता।









