Blog

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, लोकतंत्र की सशक्त आवाज है पत्रकारिता : ओमवीर आर्य

सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

ग्रेटर नोएडा। श्री बालाजी एन्कलेव सोसाइटी में हिंदी पत्रकारिता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, नौएडा और बुलंदशहर से आए पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष ओमवीर आर्य ने की।

अपने संबोधन में ओमवीर आर्य ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सशक्त आवाज और समाज को जागरूक करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने बताया कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित भारत के प्रथम हिंदी समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” की स्मृति में प्रतिवर्ष हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। यह दिन हिंदी भाषा और पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को याद करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिंदी पत्रकारिता ने देशभक्ति और जनजागरण का अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई और समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं अन्याय के विरुद्ध जनमत तैयार किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भगवत शर्मा और अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है। फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के दौर में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और जनहित की भावना ही पत्रकारिता की वास्तविक पहचान है।
वक्ताओं ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता गांवों, कस्बों और छोटे शहरों तक आम जनता की आवाज पहुंचाने का कार्य कर रही है तथा किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती है।
इस अवसर पर राजकुमार आर्य, रमेश बंसल, मनोज तोमर, कमल प्रजापति, कर्मवीर आर्य, ताहिर अली, हेप्पी भाटी, दिनेश चौधरी, सौरभ शर्मा, जितेंद्र सैन, हर्षित आर्य, अमित नागर सहित दर्जनों पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पत्रकारों के सम्मान एवं हिंदी पत्रकारिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button