ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू आटा प्रकरण पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की त्वरित कार्रवाई
सुन्दर लाल शर्मा गौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्धनगर, 16 फरवरी 2026
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू का आटा खाकर लोगों के बीमार होने की घटना का त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा प्रभावित लोगों की जानकारी प्राप्त की गयी। कुट्टू का आटा (H Pure Brand) के सेवन से बीमार होने तथा आटा खरीदने वाली दुकान की जानकारी प्राप्त करके इको विलेज 3 सुपर टेक

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विकास जनरल स्टोर से कुट्टू का आटा (H Pure Brand) का 01 नमूना, हिमालयन प्राइड ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अपना स्टोर से कुट्टू का आटा (H Pure Brand) का 01 नमूना तथा रॉयल कोर्ट ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्रशांत स्टोर से कुट्टू का आटा (H Pure Brand) का 01 नमूना लिया गया तथा इस स्टोर का खाद्य लाइसेंस/ पंजीकरण नहीं पाए जाने पर सील किया गया। उक्त दुकानदारों से सप्लायर/ निर्माता की जानकारी प्राप्त करके चिपयाना बुजुर्ग स्थित उक्त ब्रांड के निर्माता H D Spices का निरीक्षण किया गया

मौके पर कुट्टूआटा अथवा कुट्टू गिरी नहीं पाई गई किंतु हल्दी पाउडर व मिर्च पाउडर पाया गया, जिसके 1-1 नमूना लिए गये। उक्त इकाई के संचालनकर्ता विश्वेन्द्र सिंह द्वारा उक्त आटा सप्लाई किये जाने की स्वीकारोक्ति की गई। निर्माण इकाई खसरा न 507 में स्थित पाई गई, जोकि जनपद गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत आता है, जबकि उसके द्वारा भ्रामक सूचना देकर जनपद गाजियाबाद से खाद्य पंजीकरण प्राप्त करके व्यवसाय किया जा रहा था, इस कारण उसे सील कर दिया गया। नमूना जांच के लिए भेजे गए हैं। इस प्रकरण में विभाग द्वारा थाना बिसरख में तहरीर भी दी गई है।









